नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक्स 2024 में एक शानदार प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1 से हराया। यह जीत भारतीय हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, और टीम इंडिया को पेरिस ओलंपिक्स में चौथा मेडल मिला है। इससे पहले भारतीय टीम ने शूटिंग में तीन मेडल जीते थे।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें एक-दूसरे को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करती नजर आईं, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही। दूसरे क्वार्टर के 18वें मिनट में स्पेन के मार्क मिरालेस ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, स्पेन की खुशी अधिक दे तक कायम नहीं रही। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए 24वें मिनट में गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया। इस तरह से दूसरे क्वार्टर के समाप्त होने तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई और अपने खेल को ऊंचाई पर पहुंचाया। क्वार्टर की शुरुआत में ही हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाकर भारत के लिए दूसरा गोल किया। इसके बाद, अभिषेक को 35वें मिनट में ग्रीन कार्ड दिखाया गया, जिससे उन्हें थोड़ी देर के लिए मैदान से बाहर रहना पड़ा। लेकिन वे 37वें मिनट में फिर से खेल में लौट आए। तीसरे क्वार्टर के अंत तक टीम इंडिया के पास 2-1 की बढ़त रही।
ये भी पढ़ें..
इस मैच के लिए भारतीय टीम के अनुभवी गोलकीपर पी. श्रीजेश के लिए यह एक विशेष मुकाबला था, क्योंकि यह उनके करियर का अंतिम मैच था। श्रीजेश की अगुवाई में भारत ने अपनी बेहतरीन क्षमता का प्रदर्शन किया और ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने में सफल रहा।

