Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में पालतू कुत्तों को लेकर महाभारत छिड़ने के बाद अब प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पालतू कुत्तों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया सोमवार से शुरू की जा रही है। प्राधिकरण के मित्रा ऐप पर इससे संबंधित लिंक एक्टिव हो जाएगा, जहां जाकर पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराया जा सकेगा। इसके लिए किसी भी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी। हालांकि, पालतू कुत्तों का पंजीकरण नहीं कराने पर मालिकों को दो हजार रुपये का जुर्माना भरना होगा।
पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू
ग्रेटर नोएडा में पालतू कुत्तों के ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पूर्व में पॉलिसी बनाई गई थी, लेकिन कुछ खामियों की वजह से इसे लागू नहीं किया जा सका था। पॉलिसी में आम नागरिकों, आरडब्ल्यूए/एओए और एनजीओ के सुझावों को सम्मिलित किया गया है। प्राधिकरण बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अगले एक-दो दिनों में पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, संशोधित पॉलिसी के अनुसार अब पालतू कुत्ते के पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और पंजीकरण की प्रक्रिया तीन माह के बजाय साल भर चलेगी। यदि किसी ने कुत्ते का पंजीकरण नहीं कराया तो मालिक पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें..
मालिकों पर लगेगा जुर्माना
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ ने बताया कि पालतू कुत्तों के ऑनलाइन पंजीकरण का काम दो दिन में शुरू हो जाएगा। मित्रा ऐप पर इससे संबंधित लिंक एक्टिव हो जाएगा और इस पॉलिसी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। पंजीकरण न कराने पर संबंधित कुत्ते के मालिक पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। प्राधिकरण ने सभी पालतू कुत्तों के मालिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराएं और इस नई व्यवस्था का पालन करें।

