Paris Olympics 2024: मनु भाकर और सरबजोत सिंह की बदौलत भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपना दूसरा पदक जीता। इस जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में कांस्य पदक जीता। कांस्य पदक के लिए भारतीय जोड़ी ने कोरिया के वोनहो और ओह ये जिन का सामना किया और 16-10 के स्कोर के साथ जीत हासिल की।
बता दें कि मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला पदक भी दिलाया था। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल सिंगल इवेंट में कांस्य पदक जीता था। मनु ने भारत को दूसरा पदक दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी। इस इवेंट को जीतकर मनु भाकर ने भारत की आजादी के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट के रूप में इतिहास रच दिया। वैसे तो कई भारतीय एथलीटों ने अलग-अलग ओलंपिक में दो पदक जीते हैं, लेकिन एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने की मनु की उपलब्धि ने उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा दिया है।
पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में भारत के पदकों की शुरुआत की थी। रविवार 28 जुलाई को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल सिंगल स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीता। इस पदक के साथ मनु निशानेबाजी में भारत के लिए पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गईं। अब वह आजादी के बाद भारत के लिए एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली एथलीट बन गई हैं।
चौथे दिन भारत का दूसरा पदक
गौरतलब है कि आज यानी मंगलवार 30 जुलाई को पेरिस ओलंपिक का चौथा दिन है और इस दिन भारत ने अपना दूसरा पदक जीता है। भारत ने ओलंपिक के दूसरे दिन अपना पहला पदक जीता। अभी तक भारत ने सिर्फ कांस्य पदक ही जीता है और प्रशंसकों को अब भारतीय एथलीटों से स्वर्ण पदक की उम्मीद है।

