IND vs ARG Hockey Match: भारत और अर्जेंटीना के बीच मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दरअसल, भारतीय टीम ने आखिरी समय में खेल का रुख पलट दिया। करीब 58 मिनट तक टीम इंडिया 1-0 से पीछे चल रही थी। हालांकि, आखिरी मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल का जज्बा दिखाया। हरमनप्रीत सिंह ने आखिरी मिनट में गोल करके टीम इंडिया की हार को टाल दिया।
अर्जेंटीना ने दूसरे क्वार्टर में गोल करके 1-0 की बढ़त ले ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए संघर्ष किया, लेकिन मौके मिलने के बावजूद वे असफल रहे। हालांकि, आखिरी क्षणों में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का स्कोर बराबर कर दिया। अगर हरमनप्रीत सिंह गोल नहीं कर पाते तो टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ सकता था। लेकिन इस गोल ने भारत की हार को टाल दिया।
कल आयरलैंड से होगा मुकाबला
अब भारतीय टीम का सामना आयरलैंड से होगा। मंगलवार को भारत और आयरलैंड आमने-सामने होंगे। भारत-अर्जेंटीना मैच की बात करें तो अर्जेंटीना के खिलाड़ी लुकास मार्टिनेज ने 22वें मिनट में गोल करके टीम इंडिया को 0-1 से पीछे कर दिया। हालांकि टीम इंडिया को इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे गोल नहीं कर पाए।
गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को हराया था। अब भारत-अर्जेंटीना मैच ड्रॉ रहा। अब तक भारत टूर्नामेंट में अजेय बना हुआ है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम कैसा प्रदर्शन करती है।

