Delhi Coaching Incident: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में राव आईएएस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई है। घटना को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, भाजपा दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर निशाना साध रही है। मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोचिंग सेंटर के मालिक और कोऑर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 105, 106(1), 152, 290 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है।
मृत छात्रों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान हो गई है। मृतक छात्रा श्रेया यादव उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की रहने वाली थी। तानिया सोनी तेलंगाना की रहने वाली थी और ृतक छात्र नेविन डेल्विन केरल के एर्नाकुलम का रहने वाला था। श्रेया यादव के रिश्तेदार धर्मेंद्र यादव ने कहा, “मुझे कोचिंग संस्थान या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। मैंने खबर देखी और वहां गया, मैं शवगृह गया और उनसे पहचान के लिए चेहरा दिखाने को कहा, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि यह पुलिस का मामला है।
उन्होंने मुझे एक कागज दिखाया, जिस पर उसका (श्रेया यादव) नाम लिखा था। जब छात्रों की मौत की खबर आने लगी, तो मैंने उसे (श्रेया यादव) फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था। फिर मैंने कोचिंग संस्थान को फोन किया, लेकिन वह भी बंद था। मैंने संस्थान का दूसरा नंबर मिलाया, तो किसी ने फोन उठाया और बताया कि बचाव अभियान चल रहा है। मैं मांग करता हूं कि कोचिंग संस्थान के मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।”
कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक हिरासत में
डीसीपी सेंट्रल एम. हर्षवर्धन ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कल शाम उन्हें सूचना मिली कि एक बेसमेंट में पानी भरने के कारण कुछ लोग फंसे हुए हैं। बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और एनडीआरएफ शामिल थे। तलाशी और बचाव अभियान के बाद बेसमेंट से तीन शव बरामद किए गए। उनकी पहचान कर ली गई है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
श्रेया यादव यूपी के अंबेडकर नगर जिले की मूल निवासी हैं, तानिया सोनी का स्थायी पता तेलंगाना में है और नेविन डेल्विन केरल के एर्नाकुलम के निवासी हैं। बीएनएस की धारा 105, 106 (1), 115 (2), 290 और 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामला कोचिंग संस्थान और बिल्डिंग प्रबंधन के साथ-साथ उस स्थान पर ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ है। अब तक हमने कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक को हिरासत में लिया है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

