Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली शराब घोटाले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद आप नेता मनीष सिसोदिया को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत 15 जुलाई तक बढ़ा दी है। सीबीआई मामले में उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई है। 6 जुलाई को जब उनकी न्यायिक हिरासत खत्म होने वाली थी, तब सीबीआई ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद कोर्ट ने उनकी हिरासत 15 जुलाई तक बढ़ा दी। मनीष सिसोदिया पिछले साल 26 फरवरी से सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से हिरासत में हैं। उसके बाद ईडी ने भी उन्हें गिरफ्तार किया था।
इससे पहले भी बढ़ाई गई थी हिरासत
इससे पहले बुधवार को दिल्ली की एक अदालत ने मनीष सिसोदिया और बीआरएस नेता के. कविता की न्यायिक हिरासत 25 जुलाई तक बढ़ा दी थी। साथ ही कोर्ट ने ईडी को दो दिन के अंदर आरोपियों को चार्जशीट और दस्तावेजों की प्रतियां मुहैया कराने का निर्देश दिया था। इससे पहले ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नौवीं चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें विनोद चौहान नाम के शख्स को आरोपी बनाया गया था।
यह भी पढ़ें: Delhi Liquor Policy: मनीष सिसोदिया को नहीं मिली जमानत, लगा दूसरी बार झटका, जानें अदालत ने क्या कहा
ईडी ने शराब घोटाले में 18 व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
ईडी ने जांच के तहत मई में चौहान को गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि पीएमएलए कोर्ट में नई और नौवीं अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) दाखिल की गई, जिसमें विनोद चौहान को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने वाले चौहान 18वें व्यक्ति हैं। एजेंसी ने इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, बीआरएस नेता और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता के साथ-साथ कई शराब कारोबारियों और अन्य को भी हिरासत में लिया था।

