Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट खराब होने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। पंचशील हाइनिश सोसायटी में भी लिफ्ट अचानक फंस गई, जिससे मां-बेटी करीब एक घंटे तक अंदर फंसी रहीं। मेंटेनेंस विभाग के कर्मियों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। आखिरकार इंजीनियर को बुलाकर लिफ्ट खुलवाई गई।
क्या है मामला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पंचशील हाइनिश सोसायटी की 12वीं मंजिल पर रहने वाले मनीराम गुप्ता ने बताया कि गुरुवार रात उनकी पत्नी सीमा और बेटी अपने फ्लैट से लिफ्ट लेकर ग्राउंड फ्लोर पर जा रही थीं। जैसे ही वे ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे, लिफ्ट में झटका लगा और वह फंस गई। लिफ्ट के दरवाजे नहीं खुले। अंदर फंसी उनकी पत्नी और बेटी काफी घबरा गईं। उन्होंने इमरजेंसी बटन दबाया और मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
शोर सुनकर मेंटेनेंस स्टाफ पहुंचा, लेकिन वह भी लिफ्ट नहीं खोल सका। लिफ्ट फंसने की वजह से अंदर काफी घुटन हो रही थी, जिससे उनकी पत्नी और बेटी को परेशानी हो रही थी। वहां मौजूद लोगों ने लगातार लिफ्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मां-बेटी की चिंता बढ़ती जा रही थी। एक घंटे की नाकाम कोशिशों के बाद पड़ोसी सोसायटी से इंजीनियर को बुलाया गया, जिसने लिफ्ट को सफलतापूर्वक खोला।
मेंटेनेंस के नाम पर भारी भरकम वसूली लेकिन सुरक्षा जीरो
मनीराम गुप्ता ने बताया कि सोसायटी द्वारा भारी भरकम मेंटेनेंस शुल्क वसूले जाने के बावजूद निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती। उनकी पत्नी और बेटी एक घंटे तक लिफ्ट में फंसी रहीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारी लिफ्ट नहीं खोल पाए। उन्होंने सोसायटी में लिफ्ट मैन न होने की बात कही। अब वह शिकायत दर्ज कराने पर विचार कर रहे हैं और बिल्डर और मेंटेनेंस विभाग के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए बिसरख थाने जाने की योजना बना रहे हैं।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऊंची सोसायटियों में लिफ्ट खराब होने के मामले आम हैं। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने विधानसभा में लिफ्ट एक्ट का मुद्दा उठाया था, जो पास हो चुका है, लेकिन अभी तक लागू नहीं हुआ है। सोसायटी के निवासियों का कहना है कि लिफ्ट फंसने की ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, जिसमें कोई न कोई फंस जाता है। उनकी मांग है कि लिफ्ट एक्ट को तुरंत लागू किया जाए और इन मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाए।

