Bypolls Election: देश अभी 2024 के लोकसभा चुनाव की गहमागहमी से उबर ही रहा है कि चुनाव आयोग ने एक बार फिर चुनाव का बिगुल बजा दिया है। चुनाव आयोग ने सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होगा और 13 जुलाई को मतगणना होगी।
जिन राज्यों में विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।
क्यों हो रहे हैं उपचुनाव?
बिहार की रूपाली विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होगा। बीमा भारती यहां की विधायक थीं, लेकिन उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया था लेकिन अब उन्हें लोकसभा चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा है।
पश्चिम बंगाल में इन सीटों पर होगा मतदान
पश्चिम बंगाल में रायगंज, रानाघाट दक्षिण, बागदा और मानिकतला विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। रानाघाट दक्षिण सीट पर विधायक डॉ. मुकुट मणि अधिकारी के इस्तीफे के कारण चुनाव हो रहा है। मुकुट मणि अधिकारी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन हार गए।
बागदा सीट से विधायक विश्वजीत दास ने भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया था। यही हाल रायगंज सीट का है, जहां कृष्ण कल्याणी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, वे सभी चुनाव हार गए। विधायक साधन पांडे के निधन के कारण मानिकतला सीट पर चुनाव हो रहा है।
उत्तराखंड में मंगलौर और बद्रीनाथ में चुनाव
इसी तरह उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर सीटों पर विधानसभा चुनाव होंगे। मंगलौर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक सरवत करीम अंसारी का पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था। तब से यह सीट खाली है। बद्रीनाथ सीट से कांग्रेस के विधायक राजेंद्र भंडारी ने लोकसभा चुनाव से पहले इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था।
यहां भी होंगे उपचुनाव
हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। नालागढ़ सीट से विधायक केएल ठाकुर ने इस्तीफा दे दिया है, जबकि हमीरपुर सीट विधायक आशीष शर्मा के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। पंजाब में जालंधर पश्चिम और देहरा सीट पर भी चुनाव होंगे। इसके अलावा तमिलनाडु की विक्रवंडी,मध्यप्रदेश की अमरवाड़ा पर भी चुनाव होंगे.
चुनाव का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:
चुनाव अधिसूचना 14 जून को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 24 जून को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है। उपचुनाव 10 जुलाई को होगा और मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी। चुनाव आयोग ने कहा है कि उपचुनाव 15 जुलाई से पहले पूरे होने चाहिए।

