Narendra Modi Oath Ceremony: नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बन गए हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए ने बहुमत हासिल किया। नरेंद्र मोदी (73) भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने वाले दूसरे नेता होंगे। नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 में आम चुनाव जीते थे।
शपथ ग्रहण सामारोह में पहुंचे ये मेहमान
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शामिल हुए।
पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। इनमें गौतम अडानी और मुकेश अंबानी जैसे उद्योगपति शामिल थे। साथ ही शाहरुख खान, अक्षय कुमार और रजनीकांत जैसे अभिनेता भी शामिल हुए।
2014 में पहली बार बने थे पीएम
इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 240 सीटें जीतीं, जो बहुमत के आंकड़े से 32 सीटें कम हैं। हालांकि, एनडीए ने कुल 293 सीटें हासिल कीं। 2019 के चुनाव में भाजपा ने 303 सीटें जीती थीं। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए गए और पांच दिन बाद नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले 2019 में उन्होंने 30 मई को शपथ ली थी और नतीजे 23 मई को घोषित किए गए थे। 2014 में नरेंद्र मोदी ने नतीजे घोषित होने के दस दिन बाद 26 मई को शपथ ली थी।
शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी ने संभावित मंत्रियों के साथ चाय पर चर्चा की। इस चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने 100 दिन के रोडमैप पर विचार-विमर्श किया और इसके क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों को 100 दिवसीय एजेंडे की कार्ययोजना को मूर्त रूप देने तथा लंबित परियोजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।

