Water Crisis in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच अब पानी की किल्लत होने लगी है। इस किल्लत को देखते हुए दिल्ली सरकार ने अहम फैसला लिया है। अब पानी की बर्बादी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। सरकारी मॉनिटर इस बात पर नजर रखेंगे कि आप कब, कहां और कितना पानी बर्बाद कर रहे हैं।
जल मंत्री आतिशी ने इन जुर्माने को लेकर निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जल बोर्ड को कल (गुरुवार) से टीमें तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इन टीमों द्वारा पानी की बर्बादी करते पकड़े जाने पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह कदम पानी की बर्बादी रोकने और इस भीषण गर्मी में इसका अत्यधिक उपयोग न हो, इसके लिए उठाया जा रहा है।
200 टीमें करेगी मॉनिटर
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने जल बोर्ड को पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 200 टीमें तैनात करने के निर्देश दिए हैं। ये टीमें सुबह से ही सक्रिय हो जाएंगी। सरकार के मॉनिटर पानी की टंकियों को ओवरफ्लो होने देने वालों और निर्माण या व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए घरेलू पानी की आपूर्ति का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
निर्देश के अनुसार, ये टीमें कल (30.05.2024) सुबह 8 बजे से तैनात होंगी और जो भी व्यक्ति पानी की बर्बादी करता हुआ पाया जाएगा, उस पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ये टीमें निर्माण या व्यावसायिक स्थलों पर किसी भी अवैध पानी के कनेक्शन को भी काट सकती हैं। दिल्ली में पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल मंत्री आतिशी ने जल बोर्ड के सीईओ को निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि आतिशी ने मंगलवार को संकेत दिया था कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए जुर्माने का नियम बनाया जाएगा। आतिशी ने कहा था कि पानी की बर्बादी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और उन्होंने हरियाणा पर 1 मई से दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाया था।
आतिशी ने पहले भी दी थी चेतावनी
आतिशी ने कहा था कि अगर आने वाले दिनों में दिल्ली में यमुना के पानी की आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है। दिल्ली के कई इलाके पानी की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने लोगों से पानी का समझदारी से इस्तेमाल करने की अपील की थी। मंत्री ने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि लोग इस अपील पर ध्यान नहीं देंगे तो सरकार को आने वाले दिनों में अत्यधिक जल उपयोग के लिए जुर्माना लगाना पड़ सकता है।

