Moradabad: मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भटावली क्षेत्र में दो गुटों के बीच मामूली विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया जिसके बाद जमकर दोनों के बीच लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों की तरफ से पुरुषों और महिलाओं दोनों ने लाठी, डंडों का इस्तेमाल किया और जमकर हंगामा किया, जिससे मुख्य सड़क कुछ देर के लिए युद्ध के मैदान में बदल गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना एक मामूली वाहन की टक्कर से शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस और बाद में हिंसक टकराव में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झड़प की वजह से मेन रोड पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई, इसके बाद बमुश्किल दोनों पक्षों को शांत कराया गया। लेकिन इसके बावजूद भी वो हाथापाई और गाली-गलौज करते रहे।
ये भी पढ़ें..
हाथापाई के दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं सहित कई लोगों को चोटें आईं। घायल पक्षों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण किया गया। इलाके में अशांति की रिपोर्ट मिलने पर स्थानीय पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और मामले को आगे बढ़ने से रोकने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दोनों पक्षों को पुलिस ने समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

