Loksabha Election 2024: जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह को बड़ा झटका लगा है। बसपा प्रमुख मायावती ने जौनपुर सीट से उनकी पत्नी का टिकट काट दिया है. पार्टी ने अब इस सीट पर अपना उम्मीदवार बदल दिया है. इससे पहले पार्टी ने धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया था. लेकिन सोमवार को उम्मीदवार बदल दिया गया.
वर्तमान सांसद श्याम सिंह यादव को मिला टिकट
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से श्रीकला रेड्डी का टिकट कटने की अफवाहें चल रही हैं. लेकिन अब सोमवार को बसपा ने इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए अपना उम्मीदवार बदल दिया है. बसपा द्वारा अपना प्रत्याशी बदलने की पुष्टि वर्तमान सांसद श्याम सिंह यादव के जनसंपर्क कार्यालय से की गयी है. जनसंपर्क कार्यालय ने बताया कि श्याम सिंह यादव का टिकट बसपा से पक्का हो गया है।
आधिकारिक पुष्टि होना बाकी
उन्होंने बताया कि बसपा ने धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह का टिकट काट दिया है. हालांकि, इस पर अभी तक बीएसपी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले की आधिकारिक घोषणा सोमवार को बसपा की ओर से की जा सकती है. हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक धनंजय सिंह और उनकी पत्नी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
धनंजय सिंह जेल से रिहा
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही श्रीकला सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया था. हालांकि, उसी दिन धनंजय सिंह भी जेल से बाहर आ गये. हालांकि वह नामांकन में हिस्सा नहीं ले सके. लेकिन इसके बाद श्रीकला का टिकट कटने की अफवाहें उड़ीं. अब सोमवार को इन अफवाहों पर विराम लगने की संभावना है।
बता दें कि पूर्व सांसद और बाहुबली नेता धनंजय सिंह को बुधवार को बरेली सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया. जेल से बाहर आने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए धनंजय सिंह ने कहा, “मुझे फर्जी मामले में फंसाया गया था. उन्होंने आगे कहा 2020 में मेरे खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया था. माननीय उच्च न्यायालय ने मुझे जमानत दे दी है.”

