Manish Kashyap: बिहार के मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे है। उनका आज दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पहुंचने का कार्यक्रम है, जिसके बाद उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। इससे पहले, उन्होंने बिहार के पश्चिम चंपारण निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ने के अपने इरादे की घोषणा की थी। हालांकि, अब उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
विधायकी का भी लड़ चुके है चुनाव
“सन ऑफ बिहार” के रूप में जाने जाने वाले मनीष कश्यप ने पहले ही पश्चिम चंपारण निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उससे पहले उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला कर अहम कदम उठाया. इससे पहले 2020 में उन्होंने बिहार की चनपटिया विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन असफल रहे थे.
बेतिया जिले के रहने वाले मनीष कश्यप ने तब ध्यान खींचा जब उन्हें एक फर्जी वायरल वीडियो से जुड़े मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें लगभग नौ महीने जेल में बिताने पड़े। इस घटना के अलावा, मनीष लगभग 8.75 मिलियन सब्सक्राइबर्स के साथ एक सफल यूट्यूबर के रूप में भी पहचाने जाते हैं। वह वर्षों से बिहार से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाते रहे हैं, जिन्हें न केवल बिहार में बल्कि हिंदी भाषी दर्शकों के बीच भी काफी पसंद किया जाता है।
मनीष कश्यप को क्यों गिरफ्तार किया गया था?
दरअसल, उन्होंने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के खिलाफ कथित हिंसा को दर्शाया गया। यह वीडियो वायरल हो गया और वह कानूनी मुसीबत में फंस गए। वीडियो वायरल होने के बाद तमिलनाडु पुलिस ने इसे भ्रामक माना. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और इसी घटना को लेकर बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने भी मनीष कश्यप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की.
यह भी पढ़ें: Noida News: गौतमबुद्धनगर में कल और परसों यहां रहेगा डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ लें यह एडवाइजरी
जब पुलिस ने आरोप लगाना शुरू किया तो मनीष कश्यप भूमिगत हो गया। जब बेतिया पुलिस ने उसके घर की तलाशी लेनी शुरू की तो उसने स्थानीय थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. ईओयू की टीम ने मनीष से पूछताछ की और उसे जेल भेज दिया. तमिलनाडु पुलिस की टीम पटना पहुंची और उसे ट्रांजिट रिमांड के तहत 30 मार्च 2023 को अपनी हिरासत में ले लिया. इसके बाद मनीष कश्यप करीब नौ महीने तक जेल में रहे.

