Arvind Kejriwal Arrest: कथित दिल्ली शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में आज पेश किया गया. जहां केजरीवाल को बड़ा झटका लगा। कोर्ट ने सीएम केजरीवाल की रिमांड 1 अप्रैल तक बढ़ा दी है. अब अगली सुनवाई 1 अप्रैल को होगी. केजरीवाल को दोपहर 2 बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले कोर्ट में 39 मिनट तक सुनवाई हुई. केजरीवाल ने खुद अपने मामले की पैरवी की. बता दें कि ऐसा करने वाले वे देश के किसी भी राज्य के पहले सीएम हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत को बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी के जब्त सेल फोन की जांच चल रही है। इस बीच, ईडी ने कहा कि 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल के घर की तलाशी के दौरान चार डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए थे और उनसे कोई डेटा नहीं लिया गया है क्योकि केजरीवाल ने अपने वकीलों से सलाह लेने के बाद पासवर्ड लॉगिन क्रेडेंशियल प्रदान करने के लिए समय मांगा है।
चार बयान मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त हैं?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राउज एवेन्यू कोर्ट में दिए अपने बयान में दावा किया कि उन्होंने मनीष सिसोदिया को कुछ दस्तावेज दिए थे. उन्होंने कहा कि कई नौकरशाह और MLA हमेशा उनके घर पर आते रहते हैं. उन्होनें सवालिया लहजे में कहा कि क्या चार अलग-अलग बयान एक वर्तमान सीएम को अरेस्ट करने के लिए पर्याप्त हैं? राउज एवेन्यू अदालत में दिल्ली सीएम ने चुनावी बॉण्ड के मुद्दे पर कहा कि भाजपा को पैसा मिल रहा है. ईडी ने केजरीवाल के बयान पर विरोध जताया.
सरकारी गवाह बनाया जा रहा
सीएम केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि यह एक राजनीतिक साजिश है. उनका कहना है कि मामले में लोगों को सरकारी गवाह बनाया जा रहा है और उन्हें बयान बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि आरोप लगाए जा रहे हैं कि यह 100 करोड़ रुपये का घोटाला है. लेकिन अभी तक पैसे के लेन-देन का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने आगे कहा ईडी का दो ही मकसद है, एक- आम आदमी पार्टी को कुचलना और दूसरा-वसूली रैकेट चलाना।

