Rajya Sabha Election: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए मतदान जारी है. इस बीच क्रॉस वोटिंग की भी खबरें आ रही हैं. सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग किया हैं. हालांकि, पार्टी के लिए राहत की बात यह है कि कथित तौर पर अखिलेश यादव से नाराज चल रहीं पल्लवी पटेल ने सपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट किया है।
वोटिंग को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा, “मैं पीडीए हूं, मैं पीडीए की बात करती हूं. मैंने रामजीलाल सुमन को वोट दिया है. मैंने पीडीए को वोट दिया है.” इससे पहले यह जानकारी सामने आई थी कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पल्लवी पटेल को फोन कर कहा था कि राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्हें पल्लवी पटेल की वोट की जरूरी नहीं है.
पल्लवी पटेल ने सपा प्रत्याशी का किया समर्थन
माना जा रहा था कि अपना दल (कमेंरावादी) की नेता पल्लवी पटेल सपा के खिलाफ क्रॉस वोटिंग कर सकती हैं, लेकिन उन्होंने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. उधर, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने कहा है कि उन्होंने बीजेपी को वोट दिया है.
राजा भैया ने बीजेपी उम्मीदवार को दिया वोट
मीडिया से बात करते हुए राजा भैया ने कहा कि उन्होंने कल ही साफ कर दिया था कि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक बीजेपी के पक्ष में वोट करेगी. उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी आठ सीटें जीतेगी। आज मंगलवार है और सब कुछ शुभ रहेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कुंडा सीट से विधायक राजा भैया से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, “28 साल में मैंने समाजवादी पार्टी को 20 साल दिए हैं. मेरे लिए समाजवादी पार्टी सबसे पहले है. मेरे लिए यह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है.” हालांकि, बाद में उन्होंने बीजेपी को वोट देने का ऐलान कर दिया.

