Rajya Sabha Election: बीजेपी ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए आज (14 फरवरी) गुजरात से अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. पार्टी ने चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को राज्यसभा के लिए गुजरात से उम्मीदवार बनाया गया है. जेपी नड्डा के अलावा गोविंदभाई पटेल और जशवंत सिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया गया है.
महाराष्ट्र से इन तीन उम्मीदवारों के नाम पर लगी मुहर
इस बीच महाराष्ट्र से तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र से उम्मीदवार बनाया गया है. मेधा कुलकर्णी और अजीत गोपछड़े को उम्मीदवार बनाया गया है.
इन नेताओं का कटा पत्ता
जेपी नड्डा वर्तमान में हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सदस्य हैं, लेकिन भाजपा के पास कांग्रेस शासित राज्य से एकमात्र सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्याबल नहीं है। केंद्रीय मंत्री और निवर्तमान राज्यसभा सदस्य मनसुख मंडाविया और परषोत्तम रूपाला, दोनों गुजरात से और महाराष्ट्र से नारायण राणे को राज्यसभा उम्मीदवार नहीं बनाया गया है। उम्मीद है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट दिया जाएगा.
इन नेताओं से मिले MP से टिकट
इससे पहले पार्टी ने आज मध्य प्रदेश से अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की. पार्टी ने चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. डॉ. एल मुरुगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को राज्यसभा भेजा जाना तय हो गया है. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से राज्यसभा भेजने की तैयारी चल रही है. पार्टी ने केंद्रीय मंत्री को ओडिशा से उम्मीदवार बनाया है.

