IND vs ENG: बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ 25 जनवरी से शुरू होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए विराट कोहली के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है. निजी कारणों के चलते विराट कोहली पहले दो टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे और उनकी जगह आरसीबी के साथी खिलाड़ी रजत पाटीदार को मौका दिया गया है. बता दें कि सरफराज खान भी कोहली की जगह लेने की दौड़ में थे, लेकिन फिलहाल वह इंडिया ए के साथ ही बने रहेंगे.
पाटीदार पहले दो टेस्ट के लिए हैदराबाद में टीम इंडिया से जुड़ गए हैं. एक रिपोर्ट् के मुताबिक, रजत पाटीदार की शानदार फॉर्म के कारण उन्हें सरफराज खान के बदले में यह मौका मिला है। इंडिया ए के लिए खेलते हुए पाटीदार ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 151 रनों की शानदार पारी खेली. पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान उन्होंने भारत ए के लिए 111 रनों की अहम पारी भी खेली थी. उनके शानदार फॉर्म ने ही टीम इंडिया में एंट्री का रास्ता साफ कर दिया है.
रजत पाटीदार का रहा ऐसा सफर:
रजत पाटीदार का जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करने के अलावा, वह मध्य प्रदेश, मध्य प्रदेश अंडर -22, मध्य प्रदेश अंडर -19 और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल चुके हैं। 55 प्रथम श्रेणी मैचों में पाटीदार ने 45.97 की औसत से 4000 रन बनाए हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 12 शतक लगाए हैं और 22 बार पचास रन का आंकड़ा पार किया है। लिस्ट-ए मैचों में उनका औसत 36.09 और स्ट्राइक रेट 98.80 है, उन्होंने 58 मैचों में 1985 रन बनाए हैं। लिस्ट-ए में उन्होंने 3 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं.
कर सकते है डेब्यू
टी20 मैचों में उनका औसत 37.27 और स्ट्राइक रेट 148.55 है और उन्होंने 50 मैचों में 1640 रन बनाए हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में एक शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं. इसके अलावा, रजत पाटीदार ने भारत के लिए एक वनडे मैच खेला है, हालांकि वह कोई खास प्रभाव नहीं डाल सके और अपने डेब्यू मैच में 22 रन बनाए। फिर भी, वह विराट कोहली की अनुपस्थिति में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं।

