Noida News : आजकल हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं नोएडा में क्रिकेट मैच खेल रहा इंजीनियर रन लेने के लिए भागने के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गया इलाज के लिए इंजीनियर को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्रिकेट खेलते हुए इंजीनियर रन के लिए दौड़ा हुआ बेहोश इलाज के दौरान हुई मौत
यह घटना रविवार को सेक्टर-135 स्थित क्रिकेट ग्राउंड में हुई। कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मूल रूप से उत्तराखंड निवासी विकास (36) परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। वह नोएडा की एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। रविवार को वह अपने साथियों के साथ सेक्टर-135 स्थित क्रिकेट ग्राउंड में क्रिकेट मैच खेल रहे थे। क्रिकेट मैच के दौरान वह रन लेने के लिए दौड़े। अचानक बेहोश होकर नीचे गिर गए। वहां पर मौजूद साथी उन्हें नजदीक के जेपी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की जताई आशंका
चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से इंजीनियर की मौत की आशंका जताई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि कोविड काल में विकास कोविड से संक्रमित हुए थे। कोतवाली एक्सप्रेसवे थाना ने बताया कि इंजीनियर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

