दिल्ली-मेरठ-गाजियाबाद (Ghaziabad) आरआरटीएस कॉरिडोर के मुरादनगर रिसीविंग सब स्टेशन से मुरादनगर स्टेशन के सहायक सब स्टेशन में 33 केवी की क्षमता पर विद्युत सप्लाई आरंभ कर दी गई है। बिजली सप्लाई शुरू होने पर मेरठ की दिशा में मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ, मेरठ साउथ और परतापुर स्टेशन तक जल्द बिजली चालू कर दी जाएगी। इसकी क्षमता 70 मेगावाट है, जिसके लिए यहां कुल 4 ट्रांस्फार्मर्स लगाए गए हैं।
मुरादनगर सब स्टेशन से लेकर मोदीनगर साउथ स्टेशन तक डाली गई बिजली केबल
मुरादनगर सहायक सब स्टेशन में बिजली सप्लाई आरंभ होने के साथ ही मुरादनगर से मोदीनगर साउथ स्टेशन तक विद्युत सप्लाई के लिए 33 केवी की केबल भी डाल दी गई है। जल्दी ही मोदीनगर साउथ स्टेशन के तक बिजली आपूर्ति आरंभ कर दी जाएगी। एनसीआरटीसी के प्रवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि इस सेक्शन में बिजली आपूर्ति के लिए यूपी पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड से करार किया गया है।
यूपीपीटीसीएल के ग्रिड सबस्टेशन से 220 केवी वोल्टेज पर बिजली एनसीआरटीसी के मुरादनगर स्थित रिसीविंग सब स्टेशन तक आ रही है। यहां से यह 25 केवी की बिजली ट्रेनों के संचालन के लिए और 33 केवी की बिजली आरआरटीएस स्टेशनों की अन्य जरुरतों के लिए इस्तेमाल की जाएगी। एनसीआरटीसी के प्रवक्ता अरुण कुमार ने कहा कि ट्रेन चलाने के लिए लगे ओवर हेड वायर और 33 केवी वाली केबल को आरआरटीएस स्टेशनों तक पहुंचाने का काम तेजी से जारी है।
सबसे पहले मुराद नगर स्टेशन में विद्युत आपूर्ति आरंभ करके यहाँ स्थापित सभी विद्युत उकरणों को संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही मुरादनगर स्टेशन में कॉनकोर्स लेवल से प्लेटफॉर्म लेवल तक आवागमन के लिए लगाए गए एस्कलेटर्स की कमीशनिंग भी शुरू हो गई है।
मुरादनगर स्टेशन पर सोलर प्लांट लगाए गए
प्रवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि एनसीआरटीसी की ओर हाल ही में मुराद नगर रिसीविंग सब स्टेशन में सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है। यह सोलर पावर प्लांट मुराद नगर रिसीविंग सब-स्टेशन की छत पर स्थापित किया गया है, जहां कुल 540 वाट के 80 सोलर पैनल लगाए गए हैं। इन पैनलों का आकार लगभग 2.2 गुणा 1.2 मीटर है। मुरादनगर सब स्टेशन की छत पर लगाए गए इस सोलर प्लांट से हर साल लगभग 50,000 यूनिट बिजली पैदा की जा सकती है।
पूरे रूट पर पांच रिसीविंग सब स्टेशन बनाए जाएंगे
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर विद्युत आपूर्ति के लिए 5 रिसीविंग सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ये स्टेशन दिल्ली के सराय काले खां, गाजियाबाद, मुरादनगर और मेरठ के शताब्दीनगर व मोदीपुरम में बनाए जा रहे हैं। गाजियाबाद और मुराद नगर सब स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं।

