Ghaziabad News: प्रदेश के दिव्यांगजन कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने गुरुवार को साहिबाबाद क्षेत्र के तुलसी निकेतन व आसपास के इलाकों में पैदल दौरा कर लोगों की समस्या व शिकायतों को जाना। बाद में वार्ड-20 में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को लेकर चर्चा की। लोगों ने सड़क, सीवर, पानी, लाइट व मकानों की मरम्मत जैसी समस्याएं रखीं। पार्षद यशपाल पहलवान ने भोपुरा चौक पर पाइपलाइन फटने और जलजमाव की समस्या के हल के लिए प्रदेश सरकार से मदद की गुजारिश की।
इस पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भरोसा दिलाया कि वे लखनऊ जाकर नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा से इस बाबत बात करेंगे। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध है। जल्द ही प्रशासन, नगर निगम और जीडीए के अधिकारियों की बैठक बुलाकर समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है
उन्होंने कहा कि मेरे घर के दरवाजे हमेशा खुले हुए हैं। जो भी समस्या व शिकायतें हैं, वे आप नि:संकोच बताएं। सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत मिल रहा है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे है। गाजियाबाद की जनता एक बार फिर जीत का इतिहास रचेगी।
नगर निगम पार्षद यशपाल पहलवान और पूर्व पार्षद विनोद कसाना ने दो दिन पहले तुलसी निकेतन की समस्याओं को लेकर मंत्री नरेंद्र कश्यप को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद उन्होंने गुरुवार को क्षेत्र का पैदल दौरा कर समस्याओं और शिकायतों का जायजा लिया।
समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जाएगा
जनता दरबार में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि तुलसी निकेतन और आसपास की समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जाएगा। समस्या व शिकायतों का निस्तारण करने में भाजपा कार्यकर्ता हरसंभव मदद करेंगे। इस मौके पर डॉ कमल जय कसाना, अमित कल्याणी, बॉबी कसाना, रामकिशन ठेकेदार, आनंद गौतम, जेके बबलू , दिनेश रावत, कांची लाला, हाफिज, शौकिन सलमान, सलीम, अंकित, किशन कोहली, सौरव कल्याणी, किशन, प्रमोद कसाना आदि उपस्थित थे।

