IND vs NZ Semi Final Match: इस विश्व कप का पहला सेमीफाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला है। यह मैच 15 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय टीम पिछले दो वनडे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई है. पिछले वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भी भारत का सामना न्यूजीलैंड से ही हुआ था और उसे हार का सामना करना पड़ा था. अब एक बार फिर भारत सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ने को तैयार है, जो टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब है. हालांकि, इस मैच के लिए उससे भी बड़ी चिंता दो फील्ड अंपायर हैं, जिन्हें भारत के लिए सबसे दुर्भाग्यशाली अंपायर माना जाता है।
पहले सेमीफाइनल के लिए अंपायर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मैच के फील्ड अंपायर रॉड टकर और रिचर्ड इलिंगवर्थ होंगे। इस बीच, जोएल विल्सन और एड्रियन होल्डस्टॉक क्रमशः तीसरे और चौथे अंपायर की भूमिका निभाएंगे, जबकि एंडी पाइक्रॉफ्ट मैच रेफरी होंगे। बता दें कि इस मैच के दोनों फील्ड अंपायर भारत के लिए अनलकी साबित हुए हैं. वर्ल्ड कप 2019 में भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मैच में रिचर्ड इलिंगवर्थ ही फील्ड अंपायर थे और उस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था. उस मैच में रॉड टकर तीसरे अंपायर थे, जिन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को रन-आउट का फैसला दिया था और वह मैच धोनी का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ।
इसके अलावा, रिचर्ड इलिंगवर्थ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल मैच में भी फील्ड अंपायर थे, जहां भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालाँकि, मौजूदा विश्व कप में, रिचर्ड इलिंगवर्थ भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में फील्ड अंपायर भी थे, जहाँ भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इसलिए देखना यह होगा कि भारतीय टीम इस सेमीफाइनल मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती है.
दूसरे सेमीफाइनल के लिए अंपायर
इस विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 16 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। इस मैच में कैटेलेब्रो और भारत के नितिन मेनन फील्ड अंपायर होंगे, जबकि क्रिस गैफनी तीसरे अंपायर और माइकल गॉफ चौथे अंपायर होंगे। इस मैच में पूर्व भारतीय क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ मैच रेफरी की भूमिका निभाएंगे।

