उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गुरूवार को दर्दनाक हादसा हो गया जिले के चन्दौसी इस्लामनगर रोड पर स्थित एआर कोल्डस्टोरेज अचानक भरभराकर गिर गया। जिसमे लगभग दो दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। चारों तरफ चीख पुकार की ही आवाज़े गूंज रहीं हैं। लोग अपने लोंगो को ढूंढने के लिए रोते हुए चीखते हुए मदद की गुहार लगा रहें हैं। सूचना मिलते ही मौके पर आला अधिकारी पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चला रहे है।
अभी तक रेस्क्यू टीम ने 11 लोगों की जान बचा ली है, लेकिन 8 लोगों की इस हादसे में मौत भी हो गई है। अभी भी कुछ लोग और मलबे में दबे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। मजदूरों तक पहुंचने का रास्ता बनाने के लिए 12 जेसीबी, आठ हाइड्रा काम पर लगाई गईं।
दोपहर बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गईं। मशीनों से मलबा हटाकर रात 1.45 बजे तक 15 मजदूरों को बाहर निकाला जा सका, जिनमें से पांच को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य को इलाज के लिए भेजा गया। वहीं मजदूरों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होनें कोल्ड स्टोरेज के संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गुस्साए लोगों ने संचालक के केबिन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रोकने की कोशिश पर लोगों की पुलिस से नोकझोंक होने लगी। अधिकारियों ने राहत कार्य को प्राथमिकता बताते हुए लोगों को शांत किया। डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज चंदौसी के सुंदर मोहल्ला निवासी अंकुर अग्रवाल और रोहित अग्रवाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (304) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक रोहताश के पिता भूरे की तहरीर पर की है। प्रकरण की जांच जारी है।

