पैरालंपिक के तीन बार के पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झांझड़िया, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद और पूर्व विश्व चैंपियन मुक्केबाज एल सरिता देवी को इस साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की चयन समिति में शामिल किया गया है। इन तीनों के अलावा पूर्व निशानेबाज अंजलि भागवत और महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा को भी शामिल किया गया है।
सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति मुकुंदकम शर्मा चयन समिति के अध्यक्ष होंगे। राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों हर साल 29 अगस्त को खेल दिवस के मौके पर दिए जाते हैं लेकिन इस बार ओलिंपिक खेलों के कारण इन्हें देरी से दिया जा रहा है।
झांझड़िया ने हाल में संपन्न टोक्यो पैरालंपिक खेलों में रजत पदक जीता जबकि इससे पहले वह 2004 और 2016 में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।गौरतलब है कि खेल क्षेत्र में दिए जाने वाले सबसे बड़े सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार को अब ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के नाम से जाना जाएगा।

