प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ जिले में लगातार दूसरे दिन हुई बारिश में कई मकान गिर गए, जिनके मलवे में दबकर एक मासूम और महिला सहित चार लोगों की गुरुवार को मौत हो गयी।
गुरूवार को सुबह से झमाझम बारिश के चलते कच्ची दीवार गिरने से कामता प्रसाद प्रजापति निवासी नेवढ़िया थाना अंतू का चार वर्ष का बेटा खेल रहा था, अचानक दीवार गिर गई, जिसमें वह दब गया। परिजन जब एक घंटे बाद बच्चे की खोजबीन करने लगे तो वह नहीं मिला। जब गिरी हुई दीवाल को ग्रामीणों ने हटाना शुरू किया तो बच्चा मृत अवस्था में दीवाल में दबा मिला। बच्चे को मृत देख परिजन रोने बिलखने लगे। मौके पर सूचना पाकर मोहल्ले वाले एवं नगर पंचायत अध्यक्ष अंतु अशोक कुमार गुप्ता पहुंचे। कहाकि शासन की नीतियों के अनुसार हर संभव मदद की जाएगी।
नगर कोतवाली के ग्राम गोड़े में नब्बू पुत्र बकरीदी के मकान की दिवाल गिरने के कारण अपनी बहन के घर आये रमजान पुत्र दोस्त मोहम्मद (18) वर्ष की दब जाने से मृत्यु हो गयी है तथा एक महिला व दो बच्चे घायल हैं। इनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम के कंधई थाना क्षेत्र के गहरी चक गांव में बारिश से उर्मिला मिश्रा (55) वर्ष पत्नी बुद्धिनाथ मिश्रा कच्चे मकान में सो रही थी। तभी अचानक भर-भराकर पूरा कच्चा मकान गिर पड़ा, जिसमें महिला की दबकर मौत हो गयी।
कोहंडौर थाना क्षेत्र के लौली पोख्ताखाम निवासी जगदेव प्रसाद यादव रेलवे से रिटायर हैं। पुश्तैनी कच्चे मकान के सामने उन्होंने दो पक्के कमरे व एक छप्पर बनाया है। जगदेव की पत्नी कलावती (65) गुरुवार सुबह कच्चे मकान के ओसारे में कुछ सामान निकालने गई थीं। उसी दौरान ओसारे की खपरैल छत व मिट्टी की दीवार भरभराकर ढह गई। उसके मलबे में कलावती दब गईं। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर कलावती को बाहर निकाला गया।

