अलीगढ़/लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश में माफियाओं के इशारे पर सब होता था। गरीबों के लिए संचालित केंद्र की योजनाओं में अड़ंगेबाजी की जाती थी। आज उत्तर प्रदेश बदल गया है। माफिया सलाखों के पीछे हैं। विकास परक योजनाएं तेजी से पूर्ण हो रही हैं। पहले उत्तर प्रदेश केंद्र की योजनाओं के प्रदर्शन के मामले में निचले पायदान पर रहता था। आज ज्यादातर योजनाओं में अग्रणी राज्य के रूप में है। यूपी का सांसद होने के नाते आज के उत्तर प्रदेश को देखकर मुझे खुशी हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज राधा अष्टमी है। ब्रज के कण-कण में राधा ही राधा हैं। जब कोई शुभ कार्य होता है। तो अपने बड़े याद आते हैं। आज हमें कल्याण सिंह जी की अनुपस्थिति खल रही है। आज वह हमारे साथ होते तो यह जनसैलाब देखकर खुश होते। हमारा इतिहास ऐसे तमाम राष्ट्रभक्तों से भरा है। हमारी आजादी की लड़ाई में ऐसे कितने ही महान सपूतों ने अपना सबकुछ खपा दिया। हमारी पीढ़ियां उनके बारे में जानने से वंचित रह गईं। आज उन गलतियों को भारत सुधार रहा है। राजा सुहेलदेव हों या फिर राज महेंद्र प्रताप सिंह हों। भारत माता के ऐसे सपूतों को नई पीढ़ी से पहचान कराने का कार्य हो रहा है।
आज देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने का महोत्सव मना रहा है। इस समय इसे और मजबूती से किया जा रहा है। जो युवा बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहता है तो उसे राजा महेंद्र प्रताप के बारे में पढ़ना चाहिए, जानना चाहिए। वह भारत की आजादी चाहते थे। अपने जीवन का एक- एक पल इसी के लिए समर्पित कर दिया। वह भारत की आजादी के लिए अफगानिस्तान, पोलैंड, दक्षिण अफ्रीका समेत दुनिया के कोने- कोने में गए। वह जीवन भर काम करते रहे। आज के युवाओं से कहूंगा कि जब भी उन्हें कोई लक्ष्य कठिन लगे तो राजा महेंद्र प्रताप सिंह को जरूर याद करें। उनका जीवन हम सबको आज भी प्रेरणा देता है।
आज हम देश के एक और सपूत गुजरात के श्याम जी कृष्ण वर्मा को भी याद करना चाहते हैं। वह भी मां भारती के लिए जीने की प्रेरणा देते हैं। पीएम के नाते मुझे महान स्वतन्त्रता सेनानी के नाम विश्वविद्यालय की स्थापना का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। राजा महेंद्र सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े। उन्होंने देश को आगे बढ़ाने के लिए भी काम किया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए राजा महेंद्र ने ही जमीन दी थी। अन्य संस्थान खोलने में भी उनका योगदान रहा है। उनके नाम पर विश्वविद्यालय सच्ची श्रद्धांजलि है। इस कार्य को करने के लिए योगी और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई।

