– प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने ठाकुरजी को अर्पित की पोशाक
मथुरा :- श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति द्वारा रविवार देर सायं ठाकुरजी को पोशाक अर्पित की गई। इस अवसर पर पहुंचे प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने ठाकुरजी को बड़े ही प्रेमभाव से ठाकुर जी को मोर कुटी पोशाक अर्पित करवाई।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश-प्रदेश में हमारी सरकार है इसलिए हिन्दू उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी भक्त अपने-अपने घरों पर रात्रि 12 बजे घंटा, घड़ियाल, शंख के साथ भगवान का जन्मोत्सव मनाएं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन में ठाकुरजी को पोशाक संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और हिन्दूवादी नेता गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने अर्पित की। इस दौरान प्रदेश के ऊर्जामंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव है और पूरे विश्व में भगवान कृष्ण के जो भक्त हैं वह अपने इष्ट का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। हम ब्रजवासी तो इस दिन बहुत बेसब्री से इंतजार करते हैं कि भगवान का जन्मोत्सव आएगा तो सब लोग हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे। मुख्यमंत्री भी यहां पधार रहे हैं वह भी भगवान के जन्मोत्सव में सम्मिलित होंगे।
श्रीकांत शर्मा ने अपील करते हुए कहा कि सभी देशवासी और विश्व में जहां भी हमारे कृष्ण के भक्त हैं वह सब अपने घरों पर रात्रि को 12 बजे घंटा,घड़ियाल,शंख के साथ भगवान के जन्मोत्सव में सहभागी हों।
ऊर्जा मंत्री ने कहा सभी ब्रजवासी, प्रदेशवासी भगवान के जन्मोत्सव पर अपने घरों की सजावट करते हैं। ईश्वर की कृपा है कि आज उत्तर प्रदेश में और देश में हमारी सरकार है, इस कारण ही हमारे जितने पवित्र स्थल है, वहां से जुड़े उत्सव भव्यता के साथ मनाए जा रहे हैं। काशी का शिव बारात, अयोध्या में दीपोत्सव, ब्रज की होली में भव्यता आयी है। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव है, हर्षोल्लास के साथ सभी ब्रजवासी अपना उत्सव मना रहे हैं। इसमें सरकार बहुत बड़े स्तर पर सहभागिता कर रही है। आप देख रहे हैं पूरा ब्रज अच्छी तरह से सजा हुआ है और भगवान के जन्मोत्सव का इंतजार कर रहा है।
Publish by- shivam Dixit
@shivamniwan

