लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस एवं एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में युवा मोर्चा प्रदेश भर में 17 सितम्बर से सात अक्टूबर तक ’’सेवा और सर्मपण अभियान’’ का आयोजन करने जा रहा है।
भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष ने गुरुवार को यहां जारी बयान में बताया कि यह 20 दिवसीय ’’सेवा और सर्मपण अभियान’’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के कुशल नेतृत्व में पूरे देश में चलाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में इस अभियान के दौरान युवा मोर्चा की प्रत्येक जिला ईकाई पिछले सात वर्षो में मोदी सरकार के काम का प्रचार करते हुए एक अनूठे नव भारत मेले का आयोजन करेगी।
इसके अतिरिक्त इस 20 दिवसीय अभियान में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी शामिल की जाएंगी।भाजयुमो प्रदेश भर में भव्य सेवा कार्यो के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ’सेवा दिवस के रूप में मनाएगा’। जैसा कि हम सब जानते है कि पार्टी मोदी जी के जन्मदिन को ’’सेवा सप्ताह’’ के रूप में मनाती आ रही है लेकिन इस बार ’सेवा सप्ताह’ आयोजन को उनके सार्वजनिक कार्यकाल के दो दशक गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर 13 वर्ष और भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सात वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजन की अवधि को 20 दिनों तक बढ़ाया गया है। 17 सितम्बर प्रधानमंत्री के जन्मदिन का हम सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं। नरेंद्र मोदी सात अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री के पदभार ग्रहण करने का अवसर हमे उनके देश एवं लोगों के प्रति सेवा एवं सर्मपण के भाव की याद दिलाता है। यह एक ऐसा गुण है जो नरेन्द्र मोदी के जीवन के इन 20 वर्षो की विशेषता रही है। ’’सेवा एवं सर्मपण’’ अभियान पूरे प्रदेश के सभी जिलों में चलाया जाएगा। इस दौराना युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के साथ मंडल स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य आर्कषण हर जिले में ’नव भारत मेला’ होगा जो प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में हुए एक ’ नए भारत के उदय को प्रदर्शित करेगा’।
प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को राष्ट्रीय समारोह के तौर पर युवा मोर्चा कार्यकर्ता आजादी का अमृत महोत्सव मनाएंगे। इसमें युवाओं को अपने-अपने जिलों में स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित स्थलों का दौरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जंयती मनाई जाएगी। युवा मोर्चा अंत्योदय के सिंद्धांत को लेकर गरीबों और वंचितों की सेवा के लिए मोदी सरकार द्वारा की गई पहल के माध्यम से युवा मोर्चा कार्यकर्ता पंडित दीन दयाल की जयंती मनाएंगे। यह कार्यक्रम हर मंडल स्तर पर मनाया जाएगा। इसमें कार्यकर्ता उन लाभार्थियों से मिलेंगे जो मोदी सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा और समर्पण अभियान के तहत मनाया जाने वाला एक और अत्यंत महत्वपूर्ण दिन दो अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती है। इस दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे भारत में स्वच्छता से सम्मान अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्र के सांस्कृतिक आकर्षण के केंद्रों के साथ युवाओं का एक मजबूत जुड़ाव बनाने और उनमें गर्व की भावना पैदा करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ता 71 विभिन्न स्थानों जैसे शहीद स्मारक, नदियाँ और संबंधित राज्य के पूजा स्थल आदि पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण अभियान आयोजित करेंगे।

