मेरठ :- कृषि कानूनों के विरोध में 05 सितंबर को मुजफ्फरनगर में बड़ी संख्या में किसानों का जमावड़ा होगा। इस महापंचायत में कई राज्यों से किसानों के पहुंचने के दावे किए जा रहे हैं तो पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का भारी इंतजाम करने की बात कही है।
भारतीय किसान यूनियन ने 05 सितंबर को मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महापंचायत का आयोजन किया है। इस महापंचायत के जरिए भाकियू की मंशा केंद्र सरकार को अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराने की है। जीआईसी के पूरे मैदान को हरे रंग से टैंट से सजाया जा रहा है। महापंचायत को सफल बनाने के लिए भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत, राकेश टिकैत और टिकैत परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग स्थानों पर पंचायतों का आयोजन कर रहे हैं।
सभी खाप पंचायतों को मनाने पर जोर
दिल्ली के बॉर्डर पर डेरा डाले बैठे किसानों का जोर 05 सितंबर की महापंचायत को सफल बनाने पर है। इसके लिए भाकियू अध्यक्ष और बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने सभी खाप पंचायतों को मनाने पर जोर दिया हुआ है। खाप चौधरियों की नाराजगी दूर करके ही महापंचायत को सफल बनाया जा सकता है। इसके लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश के खाप चौधरियों के साथ नरेश टिकैत बैठक कर चुके हैं।
किसान मोर्चा के नेता भी लगा रहे जोर
महापंचायत का आयोजन भारतीय किसान यूनियन कर रहा है, लेकिन दिल्ली बॉर्डर पर डटे संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी भी महापंचायत को लेकर सक्रिय है और इसे किसान मोर्चा की महापंचायत बता रहे हैं। योंगेंद्र यादव से लेकर दर्शन सिंह तक सभी नेता इस समय मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में किसानों से संपर्क करने में जुटे हैं।
कई राज्यों के लोगों को जुटाने की बात
भाकियू नेता राकेश टिकैत का कहना है कि इस महापंचायत में महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल, हरियाणा, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और पूर्वांचल के किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इस महापंचायत में जाति और धर्म को भुलाकर लोग शामिल होंगे और एकजुटता से केंद्र सरकार को करारा जवाब देंगे। इस महापंचायत के जरिए सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया जाएगा।
गन्ना मूल्य भुगतान बनेगा बड़ा मुद्दा
महापंचायत में कृषि कानूनों का तो खुलकर विरोध होगा ही। इसके साथ ही किसानों का बकाया गन्ना भुगतान, बिजली की बढ़ी दरों का विरोध और गन्ना मूल्य बढ़ाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। गन्ना मूल्य को 450 रुपए प्रति कुंतल करने की मांग को किसान नेता उठाएंगे।
जीआईसी मैदान की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाली महापंचायत को लेकर पुलिस अधिकारी पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम में जुटे हुए हैं। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सब्बरवाल ने पंचायत स्थल, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर बनाई गई पार्किंग का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था बनाने पर विचार-विमर्श किया। महापंचायत स्थल पर पुलिस, पीएसी, आरआरएफ, अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए जाएंगे। मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, पुलिस अधीक्षक नगर अर्पित विजयवर्गीय लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
तेजतर्रार अधिकारियों को तैनात किया गया
महापंचायत को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरा जोर लगाया हुआ है। शहर में बड़ी संख्या में किसानों के आने के कारण 05 सितंबर को रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसका रूट जारी कर दिया गया है। महापंचायत के लिए तेजतर्रार अधिकारियों की ड्यूटी 03 से 05 सितंबर तक लगाई गई है। इनमें लखनऊ के अपर पुलिस आयुक्त यातायात श्रवण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर संजीव वाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक आगरा शिवराम यादव, सीओ बरेली चमन सिंह चावड़ा, सीओ संभल अरुण कुमार सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर पीपी सिंह है। ये अधिकारी मुजफ्फरनगर में तैनात रह चुके हैं। आसपास के जिलों से भी पुलिस अधिकारी बुलाए गए हैं।
यह रहेगा मुजफ्फरनगर का रूट डायवर्जन प्लान
किसान महापंचायत को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन जारी किया है। इसमें रुड़की व सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहन हाईवे से भोपा बाईपास से विश्वकर्मा चौक होकर शहर में आएंगे। मेरठ से आने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग से प्रवेश मिलेगा। शामली व पानीपत की ओर से आने वाले वाहन पीनना-वहलना बाईपास से हाईवे, फिर भोपा बाईपास वाया विश्वकर्मा चौक होकर आएंगे। सभी रूट के लिए शहर से निकलने का भी यही मार्ग होगा। हरिद्वार-रुड़की से आने वाले वाहनों को पुरकाजी, धमात गंगनहर पुल, भोकरहेड़ी व मोरना रूट से निकाला जाएगा। मेरठ-मुजफ्फरनगर के लिए इमरजेंसी में वाया ककरौली-जानसठ मार्ग का विकल्प रखा गया है।
Publish by- shivam Dixit
@shivamniwan