रायबरेली: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने रायबरेली में गंगा नदी पर एक नए पुल की भी सौगात दी। इसके अलावा कई पुलों, सड़कों और भवनों का भी उन्होंने लोकार्पण किया।
शहर के गोपाल सरस्वती इंटर कालेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी को विकास के नाम पर धोखा मिला है,य हां की जनता से नेताओं ने झूठ बोला और जो अधिकार जनता का था,उससे वंचित रखा।
मौर्य ने कहा कि पहले वह सोचते थे रायबरेली और अमेठी का बहुत विकास हुआ होगा, लेकिन जब हकीकत देखी तो कुछ और ही था। उन्होंने कहा कि सपा,बसपा,कांग्रेस सबने ने विकास के नाम पर केवल जनता को मूर्ख बनाया है। अब भाजपा की सरकार में इस क्षेत्र का विकास हो रहा है।
सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले यूपी में गुंडागर्दी की सरकार थी, जिसमें लोगों में भय रहता था और अपराधियों का बोलबाला रहता था। अब ऐसा नहीं है अभी अपने को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब लोग डर रहे हैं कि कहीं उनकी पोल न खुल जाय,उन्होंने सत्ता के दौरान जो लूट खसोट की है।अब उनपर कार्रवाई का डर सता रहा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रायबरेली में कई विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण किया और कई नई घोषणा भी की। उन्होंने फतेहपुर के इटौरा घाट से रायबरेली के रालपुर तक गंगा नदी पर एक नए पुल का सौगात देते हुए कहा कि इससे न केवल रायबरेली और फतेहपुर बल्कि पूरे बुंदेलखंड का भी विकास हो सकेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऊंचाहार और नौबस्ता को जोड़ने वाले 88 करोड़ के खरौली पुल को भी जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया।

