भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। आज मैच का तीसरा दिन है। तीसरे दिन के पहले सत्र में भारत की पहली पारी 400 रनों पर सिमट गयी है। भारत ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के पहली पारी के स्कोर के मुकाबले 223 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही भारत ने मेहमान टीम पर अपनी पकड़ काफी मजबूत कर ली है।
आज मुकाबले का तीसरा ही दिन है और भारत के पास 223 रनों की मजबूत बढ़त भी है। भारत चाहेगी की कंगारुओं की दूसरी पारी को भी जल्द से जल्द निपटा दें। भारत के पास ऑस्ट्रेलिया को पारी की अंतर से हराने का अच्छा मौका है। अब पूरा दारोमदार भारतीय गेंदबाजों के ऊपर रहेगा।
बहरहाल आज जब तीसरे दिन का खेल शुरू हुआ तो उस समय भारतीय टीम का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 321 रन था और क्रीज पर रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल मौजूद थे। टेस्ट डेब्यू कर रहे ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने अपनी टीम को दिन की पहली सफलता रवींद्र जडेजा के रूप में दिलाई, जिन्होंने 70 रन बनाए।
इसके बाद अक्षर पटेल और मोहम्मद शमी के बीच 9वें विकेट के लिए 52 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। मोहम्मद शमी ने सिर्फ 47 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की आक्रामक पारी खेली। शमी ने इस दौरान 2 चौके और 3 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने पहली पारी के आधार पर अपनी बढ़त को 200 के पार पहुंचाया।
इसके बाद भारतीय टीम की पहली पारी 400 रनों पर सिमट गई, जिसमें अक्षर पटेल ने शानदार 84 रन बनाए। वहीं कंगारू टीम की तरफ से इस पारी में टॉड मर्फी ने 7 विकेट अपने नाम किए तो वहीं नाथन लियोन ने 1 और कप्तान पैट कमिंस ने 2 विकेट अपने नाम किया।

