Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज लोक सभा सीट से सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के लखनऊ स्थित आवास पर एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई है। मृतक युवक का नाम विनय श्रीवास्तव बताया जा रहा है। विनय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर का दोस्त भी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। परिजनों ने तहरीर देते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
तीन लोग पुलिस की हिरासत में
पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर लखनऊ पश्चिमी DCP राहुल राज और ADCP चिंरजीव नाथ सिन्हा भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए हैं। हिरासत में लिए गए एक युवक का नाम शमीम गजी बाबा है, जिसके विकास किशोर ऊर्फ़ आशू के साथ पोस्टर भी लगे हुए हैं।
यह भी पढ़ें : नोएडा: इलेक्ट्रॉनिक शॉप में लगी भीषण आग, दमकल की छह गाड़ियों ने पाया काबू
घटनास्थल से सरकारी पिस्टल बरामद
पुलिस ने वारदात की जगह से एक सरकारी लाइसेंसी पिस्टल बरामद की है। बताया जा रहा है कि पिस्टल विकास किशोर की है और इसी पिस्टल से हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है साथ ही पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है।
कौशल किशोर का बयान- बेटा मौके पर नहीं था
मंत्री कौशल किशोर ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, “मुझे घटना की जानकारी मिली तो मैंने इसकी सूचना फोन पर पुलिस आयुक्त को दी। मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है, वो आपना काम करेगी। बेटा मौके पर मौजूद नहीं था, हालांकि उसकी पिस्टल बरामद हुई है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं”।

