Noida News: आयुष्मान भारत योजना में जिले से 70 हजार नए परिवारों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक जिले में युद्धस्तर पर अभियान चलाया जाएगा। जिसके लिए टीमें तैनात की जाएंगी जो ग्रामीण इलाको के साथ-साथ शहरी इलाकों में भी लोगों को इस योजना से जोड़ेंगी। बता दें कि आयुष्मान योजना में शामिल होने के लिए 13 सितंबर से आवेदन शुरू हो जाएंगे। योजना की खास बात यह है कि गोल्डन कार्ड के लिए लाभार्थी ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे।
5 लाख तक का इलाज मुफ्त
बता दें कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को सभी जिलों के सीएमओ के साथ बैठक की जिसमें उन्होंने प्रदेश के 49 लाख परिवारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने का फैसला किया। गौरतलब है कि पूरे उत्तर प्रदेश में 49 लाख परिवारों को इसके तहत जोड़ा जाना है, जिसमें जिले के 70 हजार परिवार शामिल हैं। इसके लिए सर्वे कर सभी जिलों को उनका लक्ष्य बता दिया गया है। खास बात यह है कि सरकार द्वारा बनाए जा रहे आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड से 5 लाख तक का इलाज मुफ्त कराया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: लिफ्ट फंसने पर महिला ने दर्ज कराया सोसायटी की प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा
17 सितंबर से 02 अक्तूबर के बीच विशेष अभियान
उल्लेखनीय है कि जिले में 12 सरकारी और 40 निजी अस्पतालों में कार्डधारकों का निशुल्क उपचार होता है। अब तक पिछले पांच वर्षों में जिले में 20 हजार लोगों ने इसका लाभ लिया है। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। सीएमओ सुनील शर्मा ने बताया कि योजना में फिलहाल परिवार की आय का निर्धारण नहीं किया गया है। योजना के अंतर्गत 17 सितंबर से दो अक्तूबर के बीच विशेष अभियान चलाकर परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। किसी भी लाभार्थी को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसका खास ख्याल करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत, पीएम ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
आवेदन करने के लिए अहर्ताएं
आयुष्मान योजना का लाभ वही लोग ले सकते हैं जो सरकार द्वारा तय मानकों को पूरा करते हैं। गौतमबुद्ध नगर में सरकार द्वारा ऐसे 70 हजार परिवारों को चिन्हित किया गया है जिन्हें इस योजना से जोड़ा जाएगा। बता दें कि इन चिन्हित परिवारों के अलावा इस योजना के लिए कोई और आवेदन नहीं कर पाएगा। इसके लिए तय मानकों को आयुष्मान भारत की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। इसके लिए पात्रता भी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
आवेदन दाखिल करने के लिए आवेदक कर्ता का आधार कार्ड,राशन कार्ड ,वैध मोबाइल नंबर ,निवास प्रमाण पत्र ,आवेदक कर्ता का पासपोर्ट साइज फोटो ,अन्य पहचान पत्र (वोटर कार्ड, पैन कार्ड) अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें: सपा नेता आजम खान की ट्रस्ट से जुड़ी एकता कौशिक के घर पड़ा छापा

