Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बावजूद दिल्ली को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी तरह सतर्क और तैयार है। हालात पर हर घंटे नजर रखी जा रही है और अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं।
यमुना में पानी बढ़ने की आशंका
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार यमुना में 3 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया है, जिससे जलस्तर 207 मीटर या उससे ऊपर जा सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बाढ़ का पानी सिर्फ यमुना के डूब क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा।
उन्होंने कहा, “हम हर घंटे रिपोर्ट ले रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दिल्ली खतरे में नहीं है।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले साल 2023 में यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया था।
पानी निकालने की पूरी तैयारी
सीएम गुप्ता ने बताया कि पिछले 6 महीनों में नालों की सफाई कर गाद हटाई गई है, जिससे अब पानी निकलने में कोई रुकावट नहीं होगी। उन्होंने कहा, “जितना पानी आएगा, उसे निकाल दिया जाएगा। हमारी तैयारी पूरी है।”
CM ने कहा कि हरियाणा से छोड़ा गया पानी दिल्ली तक आने में लगभग 72 घंटे लगते हैं। इसलिए समय रहते सारी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि डूब क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना भी तैयार है।
मंत्री ने भी दी जानकारी
दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने भी कहा कि सभी जरूरी विभाग और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। तटबंधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पंपों और रेगुलेटरों पर नजर रखी जा रही है।
लोगों से सहयोग की अपील
मंत्री वर्मा ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि “समय पर कार्रवाई और सामूहिक जिम्मेदारी से हम सभी की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।”
ये भी पढे़ं :-China Tianjin SCO: “हाथ मिलते हैं और नया युग बनता है, Modi‑Xi‑Putin की तियानजिन संगम वाद
ये भी देखें:- Ganesh Chaturthi 2025: पूरे देश में गणेश चतुर्थी की धूम, लालबागचा राजा के लिए भक्तों की भारी भीड़