राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर एक बार फिर पहलवानों ने धरना प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन कर रहे इन पहलवानों में देश के प्रतिष्ठित पहलवान भी है। जो देश के लिए गोल्ड मेडल लाकर देश का नाम रौशन कर चुकें हैं। देश को गौरवान्वित करा चुके हैं। बजरंग पूनिया, साक्षी मालिक समेत कई नामी पहलवान धरने पर बैठे है।
धरने के साथ साथ सभी पहलवान अपनी रात जंतर मंतर पर काट रहें हैं। वहीं सो रहें हैं, खा रहें हैं। बुधवार सुबह ये पहलवान सड़क पर ही वार्मअप करते भी नजर आए। पहलवानों का ये धरना कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले को लेकर है।
पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि जब तक बृजभूषण को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक हम यहां से नहीं जाएंगे। वहीं, विनेश फोगट ने कहा, ‘बार-बार कोशिश करने के बावजूद सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। हम न्याय मिलने तक यहीं खाएंगे और सोएंगे। धरने पर बैठे पहलवानों ने अपने वॉर्मअप के साथ साथ मंगलवार को जंतर मंतर पर ही कुश्ती का मैट भी लगाया था और कहा था वे यहीं अपनी प्रैक्टिस भी शुरू करेंगे।
पहलवानों की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया इस याचिका पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई होगी।
पहलवानों द्वारा दायर याचिका में 7 महिला रेसलर्स ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की है। शिकायत करने वाली 7 महिला रेसलर्स की एकता को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। पहलवान बजरंग पूनिया ने शिकायत करने वाली महिला रेसलर्स को जान का खतरा है। पहलवानों ने अब खेल मंत्रालय द्वारा बनाई गई कमेटी पर भी सवाल उठाए हैं। विनेश फोगाट ने बताया था, मंत्रालय और कमेटी से तीन महीने से जवाब मांगने की कोशिश कर रहें हैं लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
अब आप तो जानते हैं कि मामला कोई भी हो लेकिन राजनीति ना हो ऐसा तो हो ही नहीं सकता। पहलवानों के धरने पर अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि खिलाड़ी देश का मान,देश का गर्व होते है। देश के लिए तमाम मुश्किलों और अथक प्रयास के बाद जब वो पदक देश के लिए जीतते तो पूरा देश उनकी जीत ,उनकी उपलब्धि का जश्न मनाता है लेकिन अब जब खिलाड़ी न्याय की मांग कर रहें हैं तो देश के मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है? एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है।

