पहलवानों के धरने का आज 9वां दिन है। पहलवान लगातार 9 दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर पर भाजपा सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना दे रहे है। बता दें कि पहलवानों ने भाजपा सांसद पर हजारों लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सांसद पर कार्रवाई को लेकर खिलाडी धरने पर बैठे है लेकिन सांसद बृजभूषण ने इसे अपने खिलाफ साज़िश करार दिया है। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह सब आरोप निराधार है और वे लोग कुश्ती महासंघ पर कब्ज़ा करना चाहते है इसी कारण ये सब निराधार आरोप लगाया जा रहा है।
पहलवानों का बृजभूषण पर हमला – बताया अहंकारी
अब इसके बाद आज पहलवानों ने एक बार फिर कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर हमला बोला है। पहलवान विनेश फोगाट ने भाजपा सांसद बृजभूषण पर हमला करते हुए उन्हें रावण से भी बड़ा अहंकारी बताया है। फोगाट ने कहा कि बृजभूषण का अहंकार रावण से भी बड़ा है। फोगाट के अलावा एक और पहलवान बजरंग पुनिया ने भी अध्यक्ष पर निशाना साधा है।
पुनिया ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि जब तक बृजभूषण आरोपों से मुक्त नहीं हो जाते, तब तक मीडिया को उन्हें बोलने के लिए मंच नहीं देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि खिलाड़ी देश के लिए मेडल जीतते हैं और वह मेडल जीतने वालों पर सवाल उठा रहे हैं।पुनिया ने इस दौरान सवालिया लहजे में कहा इस देश में कितने लोग सांसद बनते हैं और कितने लोग ओलिंपिक मेडल जीतते हैं? आज तक मुश्किल से 40 ओलिंपिक मेडलिस्ट हैं, जबकि हजारों लोग सांसद बन चुके हैं।

