Weather Update: भारतीय मौसम विभाग ने 16 सितंबर 2025 को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस बनी रहेगी।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 18 सितंबर तक दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। दिन में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हालांकि, आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी यूपी में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
बिहार का मौसम
बिहार में मौसम अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश की भविष्यवाणी की है। 15 से 19 सितंबर तक राज्य के कई जगहों पर भारी बारिश होने की और बिजली गिरने का अनुमान लगाया गया है।
पूर्वोत्तर भारत का मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 सितंबर तक लगातार बारिश होने की संभावना है। यहां मूसलधार बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
महाराष्ट्र और मध्य भारत का मौसम
महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में आज भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मध्य भारत के मध्यप्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 15 से 19 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान, पंजाब और गुजरात का मौसम
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 दिनों में राजस्थान, पंजाब और गुजरात से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी हो सकती है।
मौसम का हाल
आज 16 सितंबर 2025 को दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस रहेगी, जबकि यूपी-बिहार समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का खतरा है। लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Amroha News: अमरोहा में अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, बड़ी संख्या में बैनर-जप्त
ये भी देखें : समाज में शांति बनाए रखने की अपील, मदनी के बयान पर शंकराचार्य की दो टूक

