Weather Update: लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने दस्तक दे दी है। सोमवार रात और मंगलवार सुबह से क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे उमस और तेज़ गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। मानसून की एंट्री के साथ ही राजधानी में मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार से दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है।
यलो अलर्ट जारी, झमाझम बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी में कहा गया है कि कई क्षेत्रों में तेज़ बारिश, 30–40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के समय तेज धूप से राहत मिलेगी और गर्मी में थोड़ी ठंडक का अहसास होगा।
मानसून की समय से पहले एंट्री
हर साल दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून को केरल से भारत में प्रवेश करता है, लेकिन इस साल यह तीन दिन पहले 29 मई को ही केरल तट पर पहुंच गया था। इसकी वजह से मानसून की रफ्तार तेज रही और अब यह अपने तय समय 30 जून से पहले ही दिल्ली पहुंच गया है।
पूरे सप्ताह रहेगा सुहावना मौसम
मौसम विभाग की मानें तो पूरे सप्ताह राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सामान्य और ठंडा बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। कुछ जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
कहीं राहत, कहीं चिंता
जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर के लोग मानसून के आगमन से राहत की सांस ले रहे हैं, वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका से जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
ये भी पढें : Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी, उमस से हाल-बेहाल
ये भी देखें : Bihar Politics: कैसा है BJP का वॉर रूम? बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज!