Weather Update : दिसंबर में यूपी का मौसम तेजी से बदल रहा है। गुरुवार को मेरठ का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके साथ ही बुधवार की रात मेरठ में सबसे ठंडी रात रही। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानों में हवाओं का प्रवाह कम हो गया है। अगले 48 घंटों में मेरठ और वेस्ट यूपी के अन्य इलाकों में मध्यम से घने कोहरे की संभावना है। हवा की धीमी गति और तापमान में गिरावट से प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, 27 दिसंबर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानों में बारिश की संभावना है, जिससे नए साल से पहले मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार की तुलना में दिन के तापमान में दो और रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक और रात का तापमान 2.3 डिग्री कम रहा। इस कारण गुरुवार को दिन के समय सर्दी अधिक महसूस हुई।
27 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मैदानों और पहाड़ों में व्यापक बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसके चलते मैदानों में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि नए साल की शुरुआत कड़ाके की सर्दी से होगी। कुछ इलाकों में बारिश का सिलसिला नए साल पर भी जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।
प्रदूषण के स्तर पर नजर डालें तो गुरुवार को मेरठ का एक्यूआई 304 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। सुबह के समय कोहरे और धुंध की स्थिति बनी रही। पल्लवपुरम जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर अत्यधिक खराब रहा। 27 दिसंबर तक हवा की गुणवत्ता इसी स्थिति में बनी रहने की संभावना है, लेकिन संभावित बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में सुधार हो सकता है।