देश के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक बार फिर 18 दिन बाद हिंसा भड़क गई है। उपद्रवियों ने खाली पड़े घरों में आग लगा दी है। हिंसा बढ़ते देख सरकार ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सेना की तैनाती कर दी है और कर्फ्यू भी लगा दिया गया है। बता दें कि हिंसाग्रस्त इलाके में 26 मई तक इंटरनेट भी बैन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि आज सुबह 10 बजे न्यू लम्बुलेन के लोकल मार्केट में जगह को लेकर मैतेई और कुकी समुदाय के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उपद्रवियों ने कुछ घरों में आग लगा दिया। हिंसा को देखते हुए सेना को बुलाया गया। पुलिस ने दो उपद्रवियों को पकड़ा है और उनसे पास से हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं।
बता दें कि राज्य में हिंसा की वजह से अब तक 10 हजार से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। राज्य में हिंसा और ज्यादा न भड़के और कानून व्यवस्था कायम रहे उसेक लिए सरकार ने दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश भी दे रखा है। हिंसक घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है। 230 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और 1700 घरों को जलाया गया है।

