उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां बारिश के दौरान सरकारी BUS की छत से पानी टपकने के कारण यात्रियों को छाते का इस्तेमाल करना पड़ा। एक यात्री ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों की खस्ता हालत को दर्शाया गया है। इसमें छत से टपक रहे पानी से बचने के लिए यात्री बस के अंदर छाते लगाकर बैठे नजर आ रहे हैं। कुछ यात्री टपकते पानी से बचने के लिए खड़े भी नजर आ रहे हैं, जबकि बस में वाइपर भी काम नहीं कर रहे थे। इस स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता था।
BUS की जर्जर हालत से परेशान यात्री
बताया जा रहा है कि यह वीडियो महोबा डिपो की एक बस का है, जो भारी बारिश के बीच बांदा से महोबा जा रही थी। बस की छत की जर्जर हालत के कारण पानी टपक रहा था, जिससे यात्रियों को खुद को बचाने के लिए उपाय करने पड़े। एक यात्री ने बस के अंदर छाता खोलकर खुद को बचाने की कोशिश की।बस की छत जर्जर होने के कारण उसमें से पानी टपक रहा था। यात्री भीगने से बचने के लिए तरह-तरह के जतन करते नजर आए। इस दौरान किसी यात्री ने बस के अंदर टपक रहे पानी का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बस में वाइपर नहीं थे। यूजर्स ने कहा कि यह यात्री सुरक्षा का खुला उल्लंघन है।
किराये में बढ़ोतरी लेकिन सुविधा में कमी
गौरतलब हो कि रोडवेज BUS में यात्रा के दौरान यात्रियों को बांदा से महोबा रूट का 86 रुपये किराया देना पड़ता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर बस की छत से टपकते पानी से यात्री असंतुष्ट हैं। एक साल पहले किराया 68 था, जो अब 20 बढ़कर 86 हो गया है। मामले में डिपो प्रभारी एआरएम राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि सभी रोड पर सुविधाओं के साथ बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जानकारी मिली है कि बांदा से महोबा आने वाली बस छत से बारिश के पानी से परेशान है। इस संबंध में फोरमैन को निर्देश दिए गए हैं कि बसों को बिना चेक किए रूट पर न भेजा जाए, साथ ही प्रशासन को इस बारे में पत्र भी लिखा है।

