Varanasi Viral Video: धर्मनगरी काशी के गंगा घाटों से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने अतिथि देवो भव की परंपरा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंगा स्नान के लिए पहुंचे जापान से आए पर्यटकों के एक समूह के साथ कुछ स्थानीय लोगों ने न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उन्हें अपमानित करते हुए घाट छोड़ने पर मजबूर कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
अफवाह से बिगड़ा माहौल
जानकारी के मुताबिक, जापानी पर्यटकों का एक दल गंगा में स्नान कर रहा था। उसी दौरान घाट पर मौजूद कुछ युवकों के बीच यह अफवाह फैल गई कि किसी पर्यटक ने गंगा जल में पेशाब कर दी है। बस फिर क्या था, देखते ही देखते वहां मौजूद भीड़ भड़क गई और पर्यटकों को घेर लिया।
भीड़ का गुस्सा देखकर जापानी पर्यटक बुरी तरह डर गए। वे बार-बार हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। अपनी भाषा और इशारों में वे लगातार यह समझाने की कोशिश करते रहे कि उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी और उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया है।
डर के मारे बिना स्नान किए लौटे पर्यटक
इसके बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई। लोग उन पर चिल्लाते रहे और तुरंत गंगा से बाहर निकलने को कहते रहे। हालात ऐसे बन गए कि विदेशी मेहमानों को बिना स्नान किए ही घाट छोड़कर जाना पड़ा। यह पूरा दृश्य किसी ने वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो सामने आते ही वाराणसी पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और बदसलूकी करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न सिर्फ काशी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली है, बल्कि यह सोचने पर भी मजबूर करती है कि विदेशी मेहमानों के साथ हमारा व्यवहार वास्तव में कितना संवेदनशील और जिम्मेदार है।
ये भी पढ़ें: AMU Murder Case: AMU कैंपस में सनसनीखेज वारदात, शिक्षक की गोली मारकर हत्या
ये भी देखें: Mithun Chakraborty on Bangladesh: बांग्लादेश में हो रही हिंसा पर क्या बोले मिथुन चक्रवर्ती

