Uttarakhand News: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सरहदों पर एक सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर से पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। मुरादाबाद की रहने वाली रीना सिंधु ने अपने प्रेमी पारितोष कुमार के साथ मिलकर अपने पति रविन्द्र कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक जुर्म को अंजाम देने के बाद रीना पति की लाश को SUV कार में डालकर दो दिन तक उत्तराखंड की सड़कों पर घूमती रही और फिर उसे कोटद्वार के जंगलों में फेंक दिया। जब कोटद्वार पुलिस को एक लावारिस लाश मिली और छानबीन शुरू हुई, तो ‘पति-पत्नी और वो’ की चौंकाने वाली साजिश सामने आई।
हत्या की खौफनाक साजिश
घटना मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार कॉलोनी की है, जहां मृतक रविन्द्र कुमार की दूसरी पत्नी रीना सिंधु रहती थी। जानकारी के मुताबिक, 31 मई 2025 को रविन्द्र की हत्या उत्तर प्रदेश के नगीना में पारितोष के घर पर की गई थी। पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर फावड़े से उसके गले और छाती पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
हत्या के बाद, शव को एक SUV कार में डालकर पहले रामनगर के जंगलों में फेंकने की योजना बनाई गई थी, लेकिन मौके की तलाश में रीना और पारितोष उत्तराखंड के कोटद्वार पहुंच गए। वहीं जंगल में शव को फेंक दिया गया।
शव की बरामदगी और खुलासा
5 जून को पुलिस को जंगल में एक लावारिस शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान की कोशिशें शुरू कीं और 17 जून को मृतक के भाई राजेश कुमार ने (Uttarakhand) कोटद्वार थाने में तहरीर दी, जिसमें इस पूरे मामले का खुलासा हुआ।
राजेश के मुताबिक, रविन्द्र की पहली शादी 2007 में टूटी थी। इसके बाद हरिद्वार में उसकी मुलाकात रीना सिंधु से हुई और 2010-11 में दोनों ने शादी कर ली। रविन्द्र का मुरादाबाद में एक बड़ा मकान था, जिसे वह बेचना चाहता था, लेकिन रीना को ये बात नागवार गुज़री।
रीना पेशे से फिजियोथैरेपिस्ट थी और उसी क्लिनिक पर बिजनौर निवासी पारितोष कुमार आता-जाता था। यहीं दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और अवैध संबंध बन गए। पति को रास्ते से हटाने के लिए रीना ने पारितोष को 10 लाख रुपये का लालच दिया और हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस ने किया गिरफ़्तार
पूरी तफ्तीश के बाद (Uttarakhand) कोटद्वार पुलिस ने रीना सिंधु और उसके प्रेमी पारितोष कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के पीछे मकान और संपत्ति हथियाने की साजिश भी थी।
समाज के लिए बड़ा सवाल
रीना सिंधु द्वारा अपने पति की हत्या जिस तरह से सुनियोजित और बेरहमी से की गई, उसने एक बार फिर सोनम रघुवंशी और मुस्कान जैसे मामलों की याद दिला दी है। पति-पत्नी जैसे पवित्र रिश्ते को जिस तरह से कलंकित किया गया है, उसने समाज को गहराई से सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
ये भी पढें : Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी, उमस से हाल-बेहाल
ये भी देखें : Bihar Politics: कैसा है BJP का वॉर रूम? बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज!

