भारतीय जनता पार्टी और कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर ओलंपियन पहलवानों का धरना जारी है. अब इस धरने को लेकर बड़ी खबर ये सामने आ रही है कि 3 से 4 मई की आधी रात पहलवानों के धरना स्थल पर हंगामा हो गया. दरअसल धरने पर बैठे पहलवानों ने उनके साथ मारपीट का आरोप लगाया है. इस दौरान एक पहलवान के चोटिल होने की भी खबरें सामने आई है. साथ ही महिला पहलवानों ने अपने साथ धक्का-मुक्की और गाली गलौच करने का भी आरोप लगाया है. धरना स्थल पर हंगामे की खबर मिलते ही दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल, दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज, विधायक कुलदीप समेत कई नेता जंतर-मंतर पहुंचे |
मिली जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती फोल्डिंग बेड लेकर धरना स्थल पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि सोमनाथ भारती ने इसके लिए पुलिस से अनुमति नहीं ली थी. इस दौरान दिल्ली पुलिस ने आप नेता सोमनाथ भारती को रोका. इस दौरान सोमनाथ भारती के समर्थक भड़क गए और ट्रक से बेड निकालने की कोशिश करने लगे. मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान पहलवान भी वहां आ गए. तभी सोमनाथ भारती के समर्थकों, पहलवानों की पुलिस से बहस हो गई. बता दें कि इसके बाद पुलिस ने सोमनाथ भारती को हिरासत में ले लिया |

पुलिस की माने तो…..
पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) प्रणव तायल ने कहा, आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती बिना अनुमति के ‘फोल्डिंग’ (मुड़ सकने वाली) चारपाई लेकर प्रदर्शन स्थल पर आए. तायल ने कहा कि इस बारे में सवाल किए जाने पर भारती के समर्थक आक्रामक हो गए और ट्रक से चारपाइयां उतारने की कोशिश करने लगे अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मामूली कहासुनी हुई तथा भारती और दो अन्य को हिरासत में ले लिया गया |
पहलवानों की माने तो….
महिला पहलवान विनेश फोगाट ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. विनेश फोगाट ने पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. इसको लेकर विनेश ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है साथ ही ये आरोप भी लगाया है कि वरिष्ठ एसीपी धर्मेंद्र ने धरना दे रहे पहलवानों को जंतर-मंतर खाली करने के लिए धमकाया. विनेश के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने गालियां दी. बता दें कि पहलवानों ने पुलिस अधिकारी पर धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है.पहलवानों ने बताया कि धरने वाली जगह पर पानी भरा है सोने की जगह नहीं है जिसके लिए उन्हें चारपाई की ज़रूरत थी |
महिला पहलवान विनेश फोगाट ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र लिखा है और पुलिसकर्मियों पर धमकाने, जानलेवा हमला करने और भद्दी-भद्दी गालियां देने का आरोप लगाया है. विनेश फोगाट का दावा है कि एक पुलिस वाले ने शराब के नशे में उनके भाई से बदतमीज़ी की. उन्हें और उनकी बहन संगीता फोगाट को धक्का भी दिया. प्रदर्शन स्थल से मीडिया से बात करते हुए विनेश फोगट ने यह तक कह डाला की जब हमने देश के लिए मेडल जीते थे तब कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हमें भी यह दिन देखना पड़ेगा मैं नहीं चाहती कि कोई एथलीट देश के लिए मेडल जीते |वंही आपको बता दें बजरंग पूनिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और वाटरप्रूफ टेंट लगाने की अनुमति देने की भी मांग की है. बजरंग पूनिया ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को पूरे देश से समर्थन की जरूरत है |

