UPPSC: उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (UPPSC) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। यह परीक्षा अब 22 दिसंबर 2024 को आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को होनी थी, लेकिन अभ्यर्थियों के विरोध के बाद तारीख में बदलाव किया गया।
दो सत्रों में होगा परीक्षा का आयोजन
नए शेड्यूल के मुताबिक, परीक्षा दो सत्रों में होगी। सुबह का सत्र 9:30 से 11:30 बजे तक रहेगा, जबकि दोपहर का सत्र 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यूपीपीएससी के अनुसचिव ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि अब परीक्षा एक ही दिन में संपन्न कराई जाएगी। आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना अपनी वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जारी कर दी है।
10 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
परीक्षा के लिए इस बार 10,76,004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रयागराज स्थित आयोग मुख्यालय के बाहर अभ्यर्थियों ने पहले परीक्षा की तारीखों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उनका कहना था कि परीक्षा अलग-अलग दिनों में होने से उन्हें परेशानी होगी।
हाई लेवल मीटिंग और सीएम का हस्तक्षेप
अभ्यर्थियों के विरोध को देखते हुए आयोग ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इसके बाद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले में हस्तक्षेप किया। आयोग के सचिव ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर परीक्षा को एक ही दिन कराने का निर्णय लिया।
आरओ/एआरओ परीक्षा को लेकर भी उठी मांग
प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा को लेकर भी स्पष्टता की मांग की। इस पर आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि RO/ARO परीक्षा के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो इस मुद्दे पर जल्द ही निर्णय लेगी।
ये भी पढें..
आयोग ने दिया आश्वासन
आयोग के सचिव ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर पूरा किया जाएगा।
अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए यूपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

