आज बिहार की राजनीति ने एक नई करवट ली है। कई महिनों से सत्ताधारी दल जदयू के अंदर नेतृत्व को लेकर खिंचतान चल रही थी। वह खिंचतान आज समाप्त हो गयी। जदयू से एमएलसी उपेंद्र कुशवाहा ने आज जदयू से अपने सभी पदों से इस्तिफा दे दिया है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ छोड़ने का भी ऐलान कर दिया है।
उपेंद्र कुशवाहा ने इसके साथ ही बड़ा ऐलान करते हुए नई पार्टी बनाने की घोषणा की। उन्होंने अपनी नई पार्टी का नाम ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ रखा है जिसका राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं उपेंद्र कुशवाहा होंगे। इसके अलावा उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि मैं पार्टी की तमाम जिम्मेदारियां छोड़ रहा हूं। सीएम नीतीश कुमार और ललन सिंह को सुबह जानकारी दी थी।
नीतीश कुमार जिस रास्ते पर वह रास्ता बिहार के लिए बुरा
उपेंद्र कुशवाहा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि आज से एक नई राजनीतिक पारी की शुरूआत हो रही है। चुने हुए साथियों को पटना बुलाया है। सारे लोगों की अपनी परेशानी बता रहे थे, आम जनता के बीच भी एक विशेष चिंता है। सभी लोगों ने निर्णय लिया। ये निर्णय लेने की स्थिति क्यों पैदा हुई। शुरूआती दौर में लालू जी ने भी जनता का ख्याल रखा, लेकिन बाद के दिनों में उनमें भटकाव आया।
कुशवाहा ने मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने शुरूआत में अच्छा किया, लेकिन अंत में जिस रास्ते पर उन्होंने चलना शुरू किया वह उनके और बिहार के लिए बुरा है। सीएम अपनी मनमर्जी नहीं कर रहे हैं, वे अब अपने आसपास के लोगों के सुझाव के अनुसार काम कर रहे हैं। वह आज अपने दम पर कार्रवाई करने में असमर्थ हैं क्योंकि उन्होंने कभी उत्तराधिकारी बनाने का प्रयास नहीं किया। अगर नीतीश कुमार ने उत्तराधिकारी चुना होता तो उन्हें इधर उधर देखने की जरूरत नहीं होती। नीतीश कुमार 2-4 लोगों के कहने पर फैसले लेते हैं।

