UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब आनंद कुमार को नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। इसके साथ ही, राज्यसभा सांसद रामजी गौतम की भी जिम्मेदारी बढ़ा दी गई है और उन्हें भी नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है।
इससे पहले, मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से हटा दिया था। अब आकाश आनंद को भी पद से हटाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
“मेरी आखिरी सांस तक कोई उत्तराधिकारी नहीं”
बसपा प्रमुख मायावती ने एक बैठक के दौरान अपने उत्तराधिकार को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि उनकी आखिरी सांस तक कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। बसपा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में मायावती के हवाले से कहा गया, “इतना ही नहीं, बल्कि अब मैंने खुद भी यह फैसला लिया है कि मेरे जीते जी और मेरी आखिरी सांस तक पार्टी में मेरा कोई भी उत्तराधिकारी नहीं होगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि अब उनके भाई आनंद कुमार के बच्चों की शादी राजनीति से जुड़े परिवारों में नहीं होगी।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि मायावती ने अपनी इस बात को दोहराया कि उनके लिए पार्टी और मूवमेंट पहले हैं। भाई-बहन और उनके बच्चे तथा अन्य रिश्तेदार सभी बाद में आते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि जब तक वे जीवित रहेंगी, पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी को आगे बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करती रहेंगी।
पार्टी में बड़े बदलाव के संकेत?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मायावती के इस कदम से पार्टी में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बसपा में सांगठनिक फेरबदल का सिलसिला जारी रह सकता है।

