UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज मंगलवार को दोपहर 12 बजे लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय व राज्य इकाई के वरिष्ठ पदाधिकारी और देशभर से चुने हुए प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक में सतीश मिश्रा ने एक प्रस्ताव रखा जिसके आधार पर मायावती को अगले पांच साल के लिए फिर से बसपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि आकाश आनंद राष्ट्रीय समन्वयक के पद पर बने रहेंगे और मायावती के उत्तराधिकारी बने रहेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दिया यह निर्देश
बैठक के दौरान मायावती ने इस बात पर जोर दिया कि देश के करोड़ों दलितों और अन्य वंचित समुदायों के हित में डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की सच्ची जनकल्याणकारी मंशा को पूरा करने के लिए “सत्ता की मास्टर चाबी” हासिल करने का संघर्ष जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के नतीजे पार्टी के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकते हैं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बसपा को हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव पूरी तैयारी और मजबूती के साथ लड़ने चाहिए।
आखिरी सांस तक पार्टी के लिए काम करने की जताई प्रतिबद्धता
बैठक से एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने साफ कर दिया कि वे अपनी आखिरी सांस तक पार्टी के लिए काम करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जब से आकाश आनंद को उनके न रहने या खराब स्वास्थ्य की स्थिति में उत्तराधिकारी चुना गया है, तब से जातिवादी मीडिया झूठी खबरें फैला रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी अफवाहें पार्टी के सदस्यों का मनोबल गिराने की साजिश का हिस्सा हैं और सभी से सतर्क रहने का आग्रह किया।

