UP Politics: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्रिपरिषद विस्तार की कवायद एक बार फिर जोर पकड़ रही है। दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है. गुरुवार को पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और फिर दारा सिंह चौहान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. दोनों बैठकें गृह मंत्री के आवास पर हुईं.
सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में कैबिनेट का विस्तार जल्द होने की संभावना है और यह 14 जनवरी के बाद किसी भी दिन हो सकता है. हालांकि, गुरुवार को दिल्ली में हुई राजनीतिक बैठकों ने एक बार फिर इन विस्तार की चर्चाओं को सामने ला दिया है. गुरुवार सुबह सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं. इसके बाद बीजेपी नेता दारा सिंह चौहान ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की.
पिछले 6 महीने से दावा कर रहे हैं
ये दोनों राजनीतिक बैठकें गृह मंत्री के आवास पर हुईं और माना जा रहा है कि ओम प्रकाश राजभर राज्य में मंत्री बनेंगे. बता दें कि सुभासपा और बीजेपी के बीच गठबंधन पिछले साल जुलाई में हुआ था. इस गठबंधन के बनने के बाद से सुभासपा प्रमुख योगी सरकार में मंत्री बनने का लगातार दावा कर रहे हैं. पिछले दिनों उनकी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हुई थी. गुरुवार की बैठक की जानकारी ओपी राजभर ने तस्वीरें पोस्ट कर साझा की.
यह भी पढ़ें: 11 जनवरी तक चलेगी लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया, आबकारी विभाग ने शुरू किया पंजीयन
इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक बीजेपी राज्य में अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर भी चर्चा कर रही है. पिछले कुछ दिनों से बीजेपी के सहयोगी दलों के नेता चर्चा के लिए दिल्ली में हैं. इस दौरान अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर की तस्वीरें भी सामने आई हैं. इस बीच अमित शाह भी शुक्रवार को लखनऊ आ रहे हैं. इस दौरे के दौरान चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी.

