नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान की स्थिति पैदा हो गई है। पिछले सप्ताह, जब समाजवादी पार्टी ने 6 विधानसभा सीटों पर अपने प्रभारियों की घोषणा की, उसी दिन कांग्रेस ने सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने पर्यवेक्षकों के नामों का ऐलान कर दिया था, जिससे दोनों दलों के बीच तालमेल की कमी उजागर हुई।
लखनऊ में सपा के वरिष्ठ विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इस संदर्भ में स्पष्ट संकेत दिए हैं कि इस बार पार्टी कांग्रेस को अपने तरीके से जवाब देने के मूड में है। मेहरोत्रा ने कहा, “जिन राज्यों में हम सीटें चाह रहे हैं, वहां कांग्रेस हमें जगह नहीं दे रही है। उत्तर प्रदेश में जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें से पांच पर सपा के विधायक थे। ऐसे में उन सीटों पर हमारी ही पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। अब पांच सीटों पर बंटवारे की बात है, तो इस पर बैठकर चर्चा की जाएगी।”
ये भी पढ़ें..
Delhi News : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कैदियों की आजादी, 1,160 अपराधियों को मिली सजा में छूट
उन्होंने यह भी दावा किया कि अब तक सीट बंटवारे को लेकर कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। “जब भी बातचीत होगी, सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी,” मेहरोत्रा ने कहा। हालांकि, उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीटों पर ‘इंडिया’ अलायंस के प्रत्याशी ही जीत हासिल करेंगे।

