UP News: बरेली के आंवला में एक शराबी युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने अपनी पत्नी डोली को पहले बेरहमी से पीटा और फिर उसे छत से उल्टा लटका दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और समय रहते उसे बचा लिया। इस दौरान किसी पड़ोसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित महिला के भाई ने आरोपी पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
ये है पूरा मामला
बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र के निवासी रघुनाथ सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 12 साल पहले अपनी बहन डोली की शादी आंवला के लठैता मोहल्ला निवासी नितिन सिंह के साथ की थी। नितिन शराब का आदी है और रोजाना शराब पीकर घर आता है। वह अक्सर डोली के साथ मारपीट करता है। रघुनाथ ने बताया कि मायके वालों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
रघुनाथ सिंह (UP News) ने आरोप लगाया कि 13 मई की रात करीब 10 बजे नितिन ने डोली को बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसे छत से उल्टा लटका दिया और जान से मारने की नीयत से उसे नीचे छोड़ दिया। गनीमत रही कि मोहल्ले के लोगों ने समय रहते डोली को पकड़ लिया, वरना उसकी जान जा सकती थी। पिटाई के कारण डोली को गंभीर चोटें आई हैं।
वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई
घटना के दौरान किसी पड़ोसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नितिन अपनी पत्नी को छत से उल्टा लटकाकर नीचे गिराने की कोशिश कर रहा है, जबकि डोली चीख रही है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मदद न की जाती, तो डोली की जान खतरे में पड़ सकती थी।
रघुनाथ सिंह ने अपने दामाद नितिन कुमार, अमित कुमार और दो महिलाओं के खिलाफ थाना आंवला में शिकायत दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, नितिन घटना के बाद से फरार है।
यह घटना न केवल (UP News) एक परिवार के लिए दुखद है, बल्कि समाज में शराब की लत और घरेलू हिंसा की गंभीर समस्या को भी उजागर करती है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि नितिन की शराब की आदत के कारण डोली को पहले भी कई बार हिंसा का सामना करना पड़ा था। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है और वे प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

